
Bihar: वैशाली जिले के लालगंज बसंता जहानाबाद घाट पर गंडक नदी में डूबे दो लोगों का शव तीसरे दिन भी बरामद नहीं हो सका। लगातार चल रहे सर्च ऑपरेशन के बावजूद बुधवार देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। घटना के बाद से इलाके में चिंता का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को लालगंज थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 22 निवासी वकील सहनी और सर्वदेव सहनी नदी में डूब गए थे। घटना के बाद से ही एसडीआरएफ की टीम लगातार नदी में तलाशी अभियान चला रही है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल सकी है। टीम दिन-रात सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समय नदी में पानी का बहाव तेज है, जिससे आशंका है कि शव बहकर दूर निकल गए होंगे। वहीं कुछ लोगों का यह भी मानना है कि शव यदि बालू में दबा होगा तो कुछ दिनों बाद ऊपर आ सकता है।
प्रशासन की ओर से आसपास के घाटों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। सूचना तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है ताकि किसी भी स्थान से शव मिलने की जानकारी तुरंत मिल सके।
लालगंज थानाध्यक्ष मनमोहन कुमार ने बताया कि जहानाबाद घाट से लेकर हाजीपुर तक के घाटों पर नजर रखी जा रही है। यदि कहीं से शव मिलने की सूचना मिलती है तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। परिजन लगातार नदी किनारे अपने परिजनों की तलाश में बैठे हैं और हर गुजरते दिन के साथ उनकी चिंता बढ़ती जा रही है।





