बिहार

फरार आरोपी की तलाश तेज, घर पर नोटिस चस्पा

Saba Naaz
24 Jun 2026 3:35 PM IST
फरार आरोपी की तलाश तेज, घर पर नोटिस चस्पा
x

Bihar: बेगूसराय के सिमरिया घाट बिंदटोली में एक विवाहित महिला के साथ हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में चकिया थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर नामजद आरोपी सूरज कुमार के घर इश्तेहार चिपकाया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि आरोपी तय समय सीमा के भीतर आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो उसकी संपत्ति की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला 13 जून को दर्ज हुआ था, जब पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके साथ पांच लोगों ने मिलकर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। शिकायत दर्ज होने के बाद से ही सभी आरोपी फरार चल रहे हैं, जिसके चलते पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। एसआईटी लगातार अलग-अलग संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

पुलिस की कार्रवाई के दौरान अब तक दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें एक नामजद आरोपी नीतीश कुमार और एक अप्राथमिक अभियुक्त अमर निषाद उर्फ मक्का मदीना शामिल हैं। हालांकि मुख्य आरोपी सूरज कुमार अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

कोर्ट से आदेश मिलने के बाद मंगलवार को पुलिस टीम सूरज कुमार के घर पहुंची और विधिवत रूप से उसके दरवाजे पर इश्तेहार चिपकाया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और टीम की मौजूदगी में पूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इश्तेहार चिपकाने का उद्देश्य आरोपी को आत्मसमर्पण का अंतिम अवसर देना है। यदि इसके बाद भी वह कोर्ट में पेश नहीं होता है, तो उसके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी। पुलिस ने यह भी कहा कि फरार सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

इस कार्रवाई के दौरान नगर पर्यवेक्षिका कुमारी अर्चना सिन्हा, एसआई अभिराम झा, सब इंस्पेक्टर रीना कुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस ने भरोसा जताया है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द कानून के दायरे में लाया जाएगा और जांच को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

Next Story