बिहार

SDRF टीम कर रही सर्च, गंडक में डूबे युवकों की तलाश जारी

Saba Naaz
23 Jun 2026 7:19 PM IST
SDRF टीम कर रही सर्च, गंडक में डूबे युवकों की तलाश जारी
x

Bihar: वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में गंडक नदी में नहाने के दौरान दो युवकों के डूब जाने से इलाके में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद से दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और विशेष उपकरणों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, लालगंज क्षेत्र के रहने वाले विपिन सहनी और वकील सहनी सोमवार को गंडक नदी किनारे अपनी नाव की रंगाई-पुताई करने गए थे। काम खत्म होने के बाद दोनों नहाने के लिए नदी में उतर गए। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और अचानक डूब गए।

बताया जाता है कि यह पूरी घटना एक छोटी बच्ची ने देखी, जो घबराकर घर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने अपने स्तर से तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

इसके बाद लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। स्थानीय लोगों की मदद से भी खोजबीन की गई, लेकिन दोनों युवकों का पता नहीं चल सका।

मंगलवार को एसडीआरएफ की टीम बसंता-जहानाबाद घाट पर पहुंची और आधुनिक उपकरणों के साथ सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया। टीम लगातार नदी में तलाशी अभियान चला रही है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।

घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। परिजन लगातार नदी किनारे बैठे हैं और अपनों के मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे भीड़ न लगाने और राहत कार्य में सहयोग करने की अपील की है।

Next Story