
Bihar: तेजप्रताप यादव के निजी सहायक (PA) मोतिलाल राय पर चोरी के आरोप के बाद अब नया विवाद सामने आया है। उनकी पत्नी प्रीति भारती ने कई गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उनके पति को साजिश के तहत फंसाया जा रहा है और वह पिछले कुछ दिनों से लापता हैं। उन्होंने पुलिस से अपने पति को जल्द खोजने की गुहार लगाई है।
प्रीति भारती का कहना है कि उनके पति पिछले चार दिनों से तेजप्रताप यादव के आवास पर ही रह रहे थे। सोमवार रात करीब 8 बजे उनकी अंतिम बार बातचीत हुई थी। उन्होंने बताया कि उस समय उनके पति ने कहा था कि उनका मोबाइल फोन तेजप्रताप यादव के पास है। इसके बाद से उनका अपने पति से संपर्क पूरी तरह टूट गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बातचीत के बाद से वह लगातार अपने पति से संपर्क करने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल रही है। प्रीति ने आशंका जताई है कि उनके पति के साथ कुछ अनहोनी हो सकती है और अगर उन पर कोई आरोप है तो उन्हें सार्वजनिक किया जाए।
इसी मामले में प्रीति भारती की शिकायत पर पटना के अगमकुआं थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत में उन्होंने तेजप्रताप यादव और उनके सहयोगियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कुछ लोग उनके घर पहुंचे थे और खुद को ईडी व सीबीआई का अधिकारी बताकर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे।
प्रीति ने यह भी आरोप लगाया कि इन लोगों ने उन्हें कमरे में बंद कर दिया था और दस्तावेज मांगने लगे थे। उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला उन्हें काफी डरा देने वाला रहा।
अपने आरोपों के समर्थन में उन्होंने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा है। उनका कहना है कि फुटेज में कुछ लोग उनके घर आते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और अपने पति की सुरक्षित वापसी की मांग की है।
प्रीति भारती ने यह भी आरोप लगाया कि जब उनके पति ने तेजप्रताप यादव के आवास से दूरी बनाने की बात कही, तभी उनके खिलाफ यह साजिश रची गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के दावों को खंगाला जा रहा है।





