बिहार

सत्यम और प्रिंस ने बढ़ाया सीवान का मान

Saba Naaz
21 Jun 2026 6:18 PM IST
सत्यम और प्रिंस ने बढ़ाया सीवान का मान
x

Bihar: सीवान जिले के मैरवा प्रखंड ने एक बार फिर शिक्षा और प्रशासनिक सेवा के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है। 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा के परिणाम में मैरवा के दो युवाओं ने शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। बिचली बाजार निवासी सत्यम कुमार का चयन उप-जिलाधिकारी (SDM) पद पर हुआ है, जबकि बिलासपुर गांव के प्रिंस कुमार राजस्व पदाधिकारी (Revenue Officer) बने हैं। दोनों की सफलता से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।

सत्यम कुमार ने 20वीं रैंक हासिल कर SDM पद प्राप्त किया है। वे व्यवसायी सत्येंद्र प्रसाद और अनिता देवी के पुत्र हैं। सत्यम ने इससे पहले लेफ्टिनेंट पद के लिए भी चयन पाया था, लेकिन उन्होंने प्रशासनिक सेवा को प्राथमिकता देते हुए उस पद को स्वीकार नहीं किया। यह उनका तीसरा प्रयास था, जिसमें उन्होंने बड़ी सफलता हासिल की। उनकी मेहनत और निरंतर तैयारी ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।

वहीं, प्रिंस कुमार साह ने भी संघर्ष और लगन के दम पर राजस्व पदाधिकारी पद हासिल किया है। वे चतुर्थी साह और देवानी देवी के पुत्र हैं। प्रिंस ने आर.के. मिशन से प्रारंभिक शिक्षा और हरिराम महाविद्यालय से स्नातक किया। उन्होंने वर्ष 2015 में बिहार पुलिस में कांस्टेबल के रूप में नौकरी शुरू की थी। इसके बाद रेलवे एनटीपीसी में ट्रेन मैनेजर और दरभंगा में पंचायत सचिव के पद पर कार्य करते हुए भी उन्होंने BPSC की तैयारी जारी रखी और आखिरकार सफलता प्राप्त की।

दोनों युवाओं की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में जश्न का माहौल है। शिक्षक श्रीकांत सिंह, मुखिया अजय भास्कर चौहान सहित कई स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई दी और कहा कि यह सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।

Next Story