बिहार

सम्राट चौधरी ने जीत का किया दावा, बोले- एनडीए तैयार, अबकी बार 200 पार

SHIDDHANT
9 Nov 2025 9:38 PM IST
सम्राट चौधरी ने जीत का किया दावा, बोले- एनडीए तैयार, अबकी बार 200 पार
x
Amarpurअमरपुर। विधानसभा क्षेत्र के शंभूगंज में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को 10 किलोमीटर लंबा भव्य रोड शो आयोजित किया। इस अवसर पर उन्होंने बिहार सरकार में मंत्री जयंत राज कुशवाहा के समर्थन में जनता से एनडीए को वोट देने की अपील की। सम्राट चौधरी ने रोड शो के दौरान कहा कि बिहार में विकास और सुशासन की सरकार केवल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही संभव है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में एनडीए 200 से अधिक सीटें जीतने जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में एनडीए को 100 से ज्यादा सीटें मिली हैं और दूसरे चरण में भी कम से कम 100 सीटें मिलने की संभावना है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार पर जनता का भरोसा है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, "सीएम नीतीश कुमार ने हर वर्ग के लिए काम किया है और प्रदेश के विकास को आगे बढ़ाने में निरंतर प्रयासरत हैं। बिहार के हर क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास कार्य हुए हैं और जनता उनके काम से संतुष्ट है। सम्राट चौधरी ने बिहार की जनता से अपील की कि वे एक-एक वोट पीएम मोदी, सीएम नीतीश कुमार और प्रदेश के विकास के लिए दें। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने एनडीए को चुन लिया है और रोड शो में लोगों का उत्साह इस बात का प्रमाण है।
इससे पहले, उपमुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "अमरपुर में एनडीए की लहर। बांका की अमरपुर विधानसभा से एनडीए प्रत्याशी जयंत राज के समर्थन में आयोजित भव्य रोड शो में जन-जन का उत्साह एनडीए के प्रचंड विजय की झलक है। अमरपुर में गूंज रहा है- 'फिर एक बार एनडीए सरकार।' बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पहले दावा किया था कि बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को 160 से अधिक सीटें मिलने की संभावना है। प्रदेश में 11 नवंबर को दूसरे चरण का मतदान होगा और चुनाव परिणाम 14 नवंबर को जारी किए जाएंगे। इस रोड शो ने अमरपुर और आसपास के क्षेत्रों में एनडीए की लोकप्रियता और जनता की उत्साही प्रतिक्रिया को उजागर किया है, जिससे आगामी चुनाव में गठबंधन की उम्मीद और मजबूत हुई है।
Next Story