
Bihar: बेतिया के मच्छरगांवा नगर पंचायत की रहने वाली साक्षी कुमारी ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में ग्रामीण विकास अधिकारी (RDO) बनकर अपने परिवार और जिले का नाम रोशन किया है। साधारण परिवार से आने वाली साक्षी के पिता चंद्र भूषण प्रसाद जायसवाल किराना दुकान चलाते हैं, जबकि उनकी मां सीमा देवी गृहिणी हैं।
साक्षी की इस सफलता से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और सेल्फ स्टडी के दम पर यह मुकाम हासिल किया। खास बात यह है कि उन्होंने पहले ही प्रयास में बीपीएससी परीक्षा पास कर ली।
साक्षी पहले से ही पढ़ाई में तेज रही हैं। उन्होंने वर्ष 2020 में बिहार बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में आर्ट्स स्ट्रीम से राज्य टॉप किया था। उनकी शुरुआती पढ़ाई गांव के आदर्श उच्च विद्यालय से हुई थी, जबकि इंटर की पढ़ाई राम रूप गोस्वामी इंटर कॉलेज से पूरी की। इसके बाद उन्होंने बाबा भूतनाथ डिग्री कॉलेज से स्नातक किया और 2024 में प्रथम श्रेणी से ग्रेजुएशन पास किया।
ग्रेजुएशन के बाद उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की और पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर ली। साक्षी ने बताया कि उन्होंने 71वीं बीपीएससी परीक्षा भी दी है और वह इंटरव्यू राउंड तक पहुंच चुकी हैं।
अब उनका अगला लक्ष्य यूपीएससी परीक्षा है। साक्षी का कहना है कि वह अपनी तैयारी जारी रखेंगी और बड़े लक्ष्य को हासिल करने की कोशिश करेंगी।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के समर्थन और आत्मविश्वास को दिया। साक्षी ने कहा कि बेटियों को अगर समान अवसर मिले तो वे हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं।
उनकी सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें भविष्य की प्रेरणा के रूप में देख रहे हैं।





