बिहार

भरत तिवारी के परिजनों से मिले रितेश और हुलास पांडे, न्याय का दिलाया भरोसा

Saba Naaz
26 Jun 2026 6:40 PM IST
भरत तिवारी के परिजनों से मिले रितेश और हुलास पांडे, न्याय का दिलाया भरोसा
x

शाहपुर (आरा)। भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलौटी गांव में कथित पुलिस मुठभेड़ में मारे गए सामाजिक कार्यकर्ता भरत भूषण तिवारी के आवास पर शुक्रवार को राजनीतिक और सामाजिक दिग्गजों का तांता लगा रहा। इस दुखद घटना के बाद पीड़ित परिवार को सांत्वना देने और उनका ढांढस बंधाने के लिए प्रसिद्ध भोजपुरी फिल्म अभिनेता व गायक रितेश पांडे तथा लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष व पूर्व एमएलसी हुलास पांडे बिलौटी गांव पहुंचे। दोनों नेताओं ने परिजनों से पूरी घटना की विस्तृत जानकारी ली और साफ शब्दों में कहा कि जब तक इस मामले में न्याय नहीं मिल जाता, वे चुप नहीं बैठेंगे।

रितेश पांडे ने बढ़ाया मदद का हाथ, कहा— निष्पक्ष हो जांच

भोजपुरी स्टार रितेश पांडे शुक्रवार को जैसे ही भरत भूषण तिवारी के आवास पर पहुंचे, वहां मौजूद ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। उन्होंने पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, जिन्हें रितेश पांडे ने ढांढस बंधाया। बातचीत के बाद पत्रकारों से मुखातिब होते हुए रितेश पांडे ने कहा कि भरत तिवारी समाज के प्रति समर्पित व्यक्ति थे। इस दुख की घड़ी में वे और उनका पूरा समाज पीड़ित परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़ा है। उन्होंने जोर देकर कहा, "भरत तिवारी के परिवार को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए। न्याय की यह लड़ाई पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।" रितेश पांडे ने परिवार को हरसंभव कानूनी और सामाजिक सहयोग देने का वादा किया और मौके पर ही पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद भी प्रदान की।

दोषियों पर चलेगा स्पीडी ट्रायल: हुलास पांडे

लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष हुलास पांडे ने भी बिलौटी गांव पहुंचकर मृतक के परिजनों से मुलाकात की और घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने पुलिसिया कार्रवाई पर उठ रहे सवालों के बीच परिवार को आश्वस्त किया कि किसी भी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। हुलास पांडे ने कहा, "भरत भूषण तिवारी हमेशा गरीबों की आवाज बुलंद करते थे और समाज के दबे-कुचले लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से प्रशासन के सामने उठाते थे।" मुठभेड़ की सत्यता और जांच के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस मामले की गहन जांच चल रही है और जैसे ही जांच रिपोर्ट सामने आएगी, सच्चाई सबके सामने होगी। उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर इस पूरे प्रकरण में जो भी अधिकारी या कर्मी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ स्पीडी ट्रायल (त्वरित सुनवाई) चलाकर जल्द से जल्द सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।

कटाव पीड़ितों के पुनर्वास के लिए पार्टी प्रतिबद्ध: लोजपा नेता

मुलाकात के दौरान हुलास पांडे ने सामाजिक मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि जवइनिया गांव के कटाव पीड़ितों के हक और उनके पुनर्वास के लिए उनकी पार्टी पहले भी लड़ती रही है और आज भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बाढ़ और कटाव से प्रभावित परिवारों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और उनके अधिकारों के लिए सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई जारी रहेगी। इस दौरान उनके साथ विपुल सिंह, बिडुल पांडेय, मयूर पांडेय, लोजपा के जिलाध्यक्ष राजेश्वर पासवान, नीलेश्वर उपाध्याय, सरोज तिवारी, राघवेंद्र कुमार एवं अमृत प्रसाद सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नेता, कार्यकर्ता और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे गांव में इस घटना को लेकर फिलहाल तनाव और शोक का माहौल बना हुआ है।

Next Story