बिहार

रांची को मिलेगा पहला सिक्स लेन स्मार्ट रोड प्रोजेक्ट

Saba Naaz
26 Jun 2026 6:56 PM IST
रांची को मिलेगा पहला सिक्स लेन स्मार्ट रोड प्रोजेक्ट
x


Jharkhand: रांची में शहरी विकास और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ी परियोजना शुरू होने जा रही है। राजधानी में 177 करोड़ रुपये की लागत से पहला सिक्स लेन स्मार्ट रोड बनाया जाएगा। यह सड़क विवेकानंद स्कूल मोड़ से नयासराय आरओबी तक विकसित की जाएगी। इस परियोजना को पथ निर्माण विभाग के तहत स्टेट हाईवे अथॉरिटी ऑफ झारखंड द्वारा पूरा किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, इस परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इसे सितंबर तक अंतिम रूप दिए जाने की योजना है। इसके बाद इसी वर्ष निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। यह सड़क कुल 6.089 किलोमीटर लंबी सिक्स लेन होगी, जबकि नयासराय आरओबी से आगे रिंग रोड तक लगभग 2.12 किलोमीटर हिस्से को टू लेन के रूप में चौड़ा किया जाएगा।

यह स्मार्ट रोड सिर्फ चौड़ी सड़क नहीं होगी, बल्कि इसमें आधुनिक शहरी सुविधाओं का भी समावेश किया गया है। सड़क के दोनों ओर सर्विस रोड बनाए जाएंगे, जिससे स्थानीय यातायात सुचारू रूप से चल सके। इसके साथ ही पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ और साइकिल चालकों के लिए अलग ट्रैक भी बनाया जाएगा, जिससे सुरक्षित और व्यवस्थित आवागमन को बढ़ावा मिलेगा। परियोजना में सोलर लाइटिंग सिस्टम भी लगाया जाएगा। पूरी सड़क को सौर ऊर्जा आधारित लाइटिंग से रोशन किया जाएगा, जिससे ऊर्जा की बचत होगी और पर्यावरण के अनुकूल व्यवस्था विकसित होगी। यह कदम रांची को स्मार्ट सिटी की दिशा में आगे ले जाने वाला माना जा रहा है।

पथ निर्माण विभाग ने बताया कि इस परियोजना में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सड़क निर्माण में उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का उपयोग होगा और डिजाइन इस तरह तैयार किया जा रहा है कि यातायात दबाव को आसानी से संभाला जा सके। साथ ही दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने पर भी फोकस रहेगा। vयह सड़क शहर के प्रमुख हिस्सों को जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी। इससे विवेकानंद स्कूल मोड़, जगन्नाथ मंदिर, झारखंड हाईकोर्ट और नयासराय आरओबी जैसे महत्वपूर्ण स्थानों तक पहुंच आसान होगी। इससे न केवल यातायात व्यवस्था सुधरेगी बल्कि शहर के आर्थिक और शहरी विकास को भी नई गति मिलेगी।

Next Story