
हाजीपुर/वैशाली। बिहार के वैशाली जिले के राजापाकर थाना क्षेत्र में के अवसर पर ताजिया विसर्जन के दौरान शुक्रवार देर रात पुलिस पर हमला हो गया। इस घटना में थानाध्यक्ष गौरीशंकर बैठा गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले में उनके सिर पर चोट लगी, जिसके बाद चिकित्सकों ने छह टांके लगाए। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, ताजिया जुलूस के रूट और समय को लेकर पहले से प्रशासन द्वारा शांति समिति की बैठक में दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। आरोप है कि कुछ अखाड़ों द्वारा निर्धारित मार्ग का पालन नहीं किया गया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि तकिया टोला के बुढ़वा अखाड़ा का ताजिया तय रूट की बजाय दूसरे मार्ग से राजापाकर बाजार पहुंच गया। इसके बाद जब दर्जी टोला के इस्लामिया अखाड़ा का ताजिया विसर्जन के लिए लाया जा रहा था, तभी विवाद बढ़ गया और हालात बिगड़ गए। इसी दौरान भीड़ में मौजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर हमला कर दिया। आरोप है कि थानाध्यक्ष पर लोहे की रॉड से वार किया गया, जिससे वह घायल होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजापाकर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। महुआ के एसडीपीओ संजीव कुमार अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर जब्त कर लिया गया है। फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।





