
Bihar: पटना के संपतचक नगर परिषद क्षेत्र के दो युवाओं ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। रंजेश राज का चयन राज्य कर सहायक आयुक्त (STAC) के पद पर हुआ है, जबकि जितेंद्र कुमार का चयन अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) के पद पर हुआ है। दोनों सफल अभ्यर्थियों को नगर परिषद कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।
नगर परिषद अध्यक्ष अमित कुमार ने दोनों चयनित अधिकारियों को बुके और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे संपतचक क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इन युवाओं ने मेहनत और लगन से यह सफलता हासिल की है और अब वे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गए हैं।
कार्यक्रम में यह भी कहा गया कि लंबे समय बाद क्षेत्र से इतने बड़े पदों पर चयन होने से युवाओं में उत्साह बढ़ा है। उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि दोनों अधिकारी जहां भी पदस्थापित होंगे, वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ जनता की सेवा करेंगे।
सफल अभ्यर्थियों रंजेश राज और जितेंद्र कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार और लगातार की गई मेहनत को दिया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से अपील की कि वे नियमित अध्ययन करें और असफलता से निराश न हों, बल्कि लगातार प्रयास करते रहें।
नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि ऋषभ राय बंटू ने भी दोनों की उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता यह साबित करती है कि ग्रामीण और नगर क्षेत्र के युवा भी अपनी प्रतिभा के दम पर बड़े प्रशासनिक पदों तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई और विश्वास जताया गया कि वे अपने कार्यक्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र, बिहार और देश का नाम रोशन करेंगे।





