
Bihar: श्रावणी मेले के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा की घोषणा की है। हावड़ा और नटेसर के बीच एक जोड़ी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन 5 जुलाई से 30 सितंबर तक चलाई जाएगी। इस ट्रेन के संचालन से देवघर बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले कांवरियों के साथ-साथ राजगीर और नालंदा घूमने जाने वाले श्रद्धालुओं को भी बड़ी राहत मिलेगी। रेलवे के अनुसार, यह स्पेशल ट्रेन नंबर 03001/03002 के तहत संचालित होगी और सप्ताह में तीन दिन चलाई जाएगी। ट्रेन हावड़ा से खुलकर आसनसोल, जसीडीह, झाझा, किउल, शेखपुरा, अस्थावां, बिहारशरीफ, नालंदा और राजगीर होते हुए नटेसर तक जाएगी। इस रूट से बिहार और झारखंड के कई प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों को सीधा जोड़ने में मदद मिलेगी।
हावड़ा से चलने वाली ट्रेन संख्या 03001 हर रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को रात 11:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 12:00 बजे नटेसर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 03002 नटेसर से हर सोमवार, बुधवार और शनिवार को दोपहर 1:00 बजे खुलेगी और अगले दिन सुबह 4:30 बजे हावड़ा पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे, जिसमें एक थर्ड एसी, सात स्लीपर, आठ जनरल और दो एसएलआर कोच शामिल हैं। अधिक संख्या में जनरल और स्लीपर कोच होने से आम यात्रियों और कांवरियों को कन्फर्म टिकट मिलने में आसानी होगी और भीड़भाड़ से राहत मिलेगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है। इससे न सिर्फ धार्मिक यात्रियों को सुविधा होगी बल्कि क्षेत्रीय कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। इस नई सेवा से बिहारशरीफ, नालंदा, राजगीर और आसपास के क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और हावड़ा से आने-जाने की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।





