
सारण: में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्री सेवाओं में सुधार को लेकर विधायक छोटी कुमारी की पहल अब असर दिखाती नजर आ रही है। रेल मंत्रालय ने उनके द्वारा उठाई गई विभिन्न मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए सभी प्रस्तावों की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। मंत्रालय की ओर से यह भी भरोसा दिया गया है कि आवश्यक कार्रवाई जल्द की जाएगी।
विधायक छोटी कुमारी ने हाल ही में रेल मंत्री से मुलाकात कर सारण और छपरा क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा था। इस ज्ञापन पर रेल मंत्री कार्यालय से प्राप्त जवाब में कहा गया है कि सभी प्रस्तावों का परीक्षण किया जा रहा है और उचित निर्णय जल्द लिया जाएगा। विधायक की ओर से छपरा और पटना के बीच कार्यालय समय में नियमित ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग प्रमुखता से रखी गई है। उनका कहना है कि इस ट्रेन सेवा से रोजाना यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। यह मुद्दा बिहार विधानसभा में भी उठाया जा चुका है।
इसके अलावा छपरा-लखनऊ रेल सेवा को पुनः शुरू करने, छपरा जंक्शन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल करने, तथा छपरा ग्रामीण और छपरा कचहरी रेलवे स्टेशनों के विकास की मांग भी की गई है। साथ ही बाबा हरिहरनाथ धाम के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने का प्रस्ताव भी दिया गया है। विधायक ने रेल संरचना सुधार पर भी जोर दिया है। इसमें श्यामचक में रेल ओवरब्रिज के विस्तार, विभिन्न रेलवे फाटकों पर अंडरपास और फ्लाईओवर निर्माण तथा ब्रह्मपुर रेलवे ढाला संख्या-53 पर सिग्नल व्यवस्था सुधार की मांग शामिल है। उनका कहना है कि इन कार्यों से न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि यात्रियों की सुरक्षा भी बेहतर होगी।
रेल मंत्रालय की ओर से मिले सकारात्मक संकेतों के बाद क्षेत्र में उम्मीदें बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि ये प्रस्ताव धरातल पर उतरते हैं तो सारण जिले की रेल कनेक्टिविटी और विकास को नई गति मिलेगी। विधायक छोटी कुमारी ने रेल मंत्रालय के रुख पर संतोष जताते हुए कहा कि वह लगातार क्षेत्र की जनता के हित में प्रयासरत हैं और सभी लंबित मांगों को पूरा कराने के लिए आगे भी पहल जारी रखेंगी।





