बिहार

राबड़ी देवी ने खाली किया 10 सर्कुलर रोड बंगला

Saba Naaz
2 July 2026 5:20 PM IST
राबड़ी देवी ने खाली किया 10 सर्कुलर रोड बंगला
x

पटना: चर्चित 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगले को आखिरकार करीब 20 साल बाद लालू परिवार ने खाली कर दिया है। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने गुरुवार को इस आवास से अपना सामान हटवा लिया और इसकी औपचारिक जानकारी भवन निर्माण विभाग को दे दी। यह बंगला लंबे समय से लालू परिवार का राजनीतिक और पारिवारिक केंद्र माना जाता रहा है, जहां राबड़ी देवी मुख्यमंत्री बनने के बाद रहने आई थीं और सत्ता परिवर्तन के बावजूद परिवार इसी आवास में रहा। जानकारी के अनुसार, भवन निर्माण विभाग ने पिछले वर्ष नवंबर में राबड़ी देवी को विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष होने के नाते 39 हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास आवंटित किया था। इसके बावजूद कई महीनों तक बंगला खाली नहीं किया गया और विभाग की ओर से कई बार नोटिस भी जारी किए गए। अब करीब सात महीने बाद परिवार ने यह आवास छोड़ दिया है।

फिलहाल राबड़ी देवी और लालू प्रसाद यादव परिवार पटना के कौटिल्य नगर स्थित अपने निजी आवास में रह रहे हैं। बताया जा रहा है कि 39 हार्डिंग रोड स्थित नए सरकारी आवास में अभी निर्माण और मरम्मत का कार्य चल रहा है। काम पूरा होने के बाद ही परिवार वहां शिफ्ट होगा। राबड़ी देवी ने कुछ समय पहले भवन निर्माण विभाग को पत्र लिखकर नए आवास में विशेष सुविधाओं की मांग की थी। उन्होंने लालू प्रसाद यादव की स्वास्थ्य स्थिति का हवाला देते हुए रैंप, लिफ्ट और आउटहाउस जैसी सुविधाएं देने का अनुरोध किया था, जिस पर विभाग ने काम शुरू कर दिया है।

10 सर्कुलर रोड से हटाया गया सामान अलग-अलग जगहों पर भेजा गया है। कुछ सामान कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास में रखा गया है, जबकि कुछ सामान तेजस्वी यादव के 1 पोलो रोड स्थित सरकारी आवास और अन्य परिसरों में भेजा गया है। इस बीच, राजनीतिक हलचल भी देखने को मिली। पहले राबड़ी देवी ने बंगला खाली करने से इनकार किया था और कहा था कि जरूरत पड़ी तो सरकार फोर्स भेजे, लेकिन बाद में तय समय से पहले ही उन्होंने आवास खाली कर दिया।

अब यह बंगला बिहार सरकार के मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया गया है। विभाग द्वारा मरम्मत और रखरखाव कार्य पूरा होने के बाद उन्हें यह आवास सौंपा जाएगा। लंबे समय तक राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र रहे 10 सर्कुलर रोड के बाहर अब समर्थकों की भीड़ भी कम हो गई है। इस तरह करीब दो दशक बाद 10 सर्कुलर रोड बंगले का लालू परिवार से जुड़ा अध्याय समाप्त हो गया है और अब यह नया आवासीय उपयोग के लिए तैयार किया जा रहा है।

Next Story