बिहार

राष्ट्रपति चुनाव 2022: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चिराग पासवान को फोन कर द्रौपदी मुर्मू के लिए मांगा समर्थन

Renuka Sahu
22 Jun 2022 4:21 AM GMT
Presidential election 2022: Defense Minister Rajnath Singh calls Chirag Paswan and seeks support for Draupadi Murmu
x

फाइल फोटो 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को फोन करके एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के लिए समर्थन मांगा है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को फोन करके एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के लिए समर्थन मांगा है। राजनाथ ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी भी चाहते हैं कि चिराग पासवान एनडीए में ही रहें। चिराग ने राष्ट्रपति चुनाव में मुर्मू को अपना समर्थन देने के लिए हामी भर दी है।

बीजेपी ने मंगलवार रात मुर्मू का नाम राष्ट्रपति उम्मीदवार के रूप में घोषित किया। इसके बाद राजनाथ सिंह ने चिराग पासवान को फोन मिलाया। दोनों नेताओं के बीच करीब 15 मिनट तक बात हुई। राजनाथ ने कहा कि आगामी राष्ट्रपति चुनाव में वे मुर्मू को समर्थन दें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यही चाहते हैं। इस पर चिराग ने कहा कि वह मुर्मू को ही वोट करेंगे। उन्होंने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाए जाने की तारीफ भी की।
बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन के बाद पिछले साल लोजपा दो धड़ों में बंट गई थी। लोजपा की विरासत को लेकर उनके रामविलास के भाई पशुपति पारस और बेटे चिराग के बीच तकरार हो गई। इसके बाद पशुपति पारस ने पार्टी के सांसदों को अपने साथ ले लिया और चिराग अलग-थलग पड़ गए। चुनाव आयोग ने पशुपति पारस के गुट को लोजपा के पुराने नाम और चुनाव चिह्न को मान्यता दी। फिर चिराग पासवान ने लोजपा (रामविलास) नाम से अलग पार्टी का गठन किया था।
18 जुलाई को है वोटिंग
चुनाव आयोग के शेड्यूल के मुताबिक 18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान होगा और 21 जुलाई को मतगणना के बाद देश को नया राष्ट्रपति मिल जाएगा। नामांकन की आखिरी तारीख 29 जून है। विपक्ष की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री और टीएमसी नेता यशवंत सिन्हा को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया गया है।
Next Story