
Bihar: जमुई में नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में सामूहिक शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मियों ने नशा मुक्त भारत बनाने का संकल्प लिया और समाज को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने की शपथ ली। सभी ने अपने जीवन में किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों से दूर रहने और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने की बात कही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम सत्यनारायण शिवहरे ने की। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी दिलीप कुमार राय, जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव मंजूश्री कुमारी, एसीजेएम चंद्र बोस कुमार सिंह, जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड की प्रधान मजिस्ट्रेट मनीषा कुमारी सहित कई न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह में लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता पवन कुमार राय, गोविंद कुमार रोशन, अभिषेक सहित व्यवहार न्यायालय, जिला विधिक सेवा प्राधिकार और स्थायी लोक अदालत के कर्मियों ने भी भाग लिया। सभी ने नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प दोहराया।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति के शरीर, मन और परिवार पर गंभीर असर डालता है। युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए समय रहते जागरूकता जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर ही समाज को नशा मुक्त बनाया जा सकता है और इसे जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता है।





