बिहार

श्रद्धालुओं के लिए नई सुविधाओं की योजना

Saba Naaz
23 Jun 2026 4:16 PM IST
श्रद्धालुओं के लिए नई सुविधाओं की योजना
x

Bihar: गोपालगंज के प्रसिद्ध सिद्धपीठ थावे स्थित मां सिंहासनी मंदिर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। सोमवार को जिलाधिकारी समीर सौरभ ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और पूजा-अर्चना कर जिले की सुख-समृद्धि की कामना की।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने मंदिर परिसर में चल रहे विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। डीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसडीओ ने जानकारी दी कि मंदिर परिसर में 113 दुकानें बनकर तैयार हो चुकी हैं, जबकि 28 दुकानों का निर्माण कार्य अभी जारी है। इस पर डीएम ने शेष कार्य जल्द पूरा कराने और तैयार दुकानों के आवंटन के लिए शीघ्र बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया। माना जा रहा है कि इन दुकानों के आवंटन से मंदिर क्षेत्र में व्यवस्थित व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

डीएम ने मंदिर प्रबंधन समिति को साफ-सफाई और भीड़ प्रबंधन को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने विशेष रूप से शुक्रवार और सोमवार को आने वाली अधिक भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। प्रशासन का लक्ष्य मंदिर परिसर में मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाना है।

थावे दौरे के दौरान डीएम ने प्रखंड कार्यालय का भी निरीक्षण किया। वहां साफ-सफाई की स्थिति खराब पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और नियमित सफाई व्यवस्था लागू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में स्वच्छ वातावरण जनता को बेहतर सेवा देने के लिए जरूरी है।

निरीक्षण के दौरान डीडीसी गौरव कुमार, एसडीओ अनिल कुमार, बीडीओ अभय प्रकाश राय और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने सभी अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने और विकास योजनाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

यह पहल थावे मंदिर को धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में और अधिक विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Next Story