बिहार

Patna: तस्करी के लिए रखे गए 30 जहरीले सांप बरामद, 5 गिरफ्तार

Sarita
31 July 2025 7:15 AM IST
Patna: तस्करी के लिए रखे गए 30 जहरीले सांप बरामद, 5  गिरफ्तार
x
Patna पटना: बिहार की राजधानी पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र के बकरचक गांव में गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग ने मंगलवार और बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। इस कार्रवाई में सांपों की अवैध तस्करी में शामिल एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ। विभागीय टीम ने 30 से अधिक जहरीले सांप बरामद किए हैं, जो विभिन्न प्रजातियों के थे। साथ ही, पांच संदिग्ध सपेरों को गिरफ्तार कर गौरीचक थाने को सौंप दिया गया। वन विभाग के पूर्वी क्षेत्रीय अधिकारी प्रेम कुमार केसरी के अनुसार, ये सपेरे सांपों को पकड़कर जंगल में छिपा रहे थे, ताकि उन्हें अवैध रूप से बेचा जा सके। सभी सांपों को छह बक्सों में रखा गया था, जिन्हें मौके से बरामद कर लिया गया है। अब इन सांपों को वन विभाग की अभिरक्षा में सुरक्षित स्थान पर रखा गया है।
गिरफ्तार सपेरों की पहचान फतुहा थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव निवासी अहेरी समुदाय के अहेरी सपेरा, सत्येंद्र सपेरा, सोमर सपेरा, पप्पू सपेरा और भालो सपेरा के रूप में हुई है। ये सभी पारंपरिक रूप से साँप पकड़ने का काम करते रहे हैं, लेकिन अब इन पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम का उल्लंघन करने का गंभीर आरोप लगा है। स्थानीय थाना प्रभारी अरुण कुमार ने पुष्टि की है कि वन विभाग की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल, पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि साँपों की तस्करी किन जगहों और किन लोगों तक की जानी थी।
Next Story