बिहार

यात्रियों के बीच झड़प, ट्रेन संचालन प्रभावित

Saba Naaz
5 July 2026 8:18 PM IST
यात्रियों के बीच झड़प, ट्रेन संचालन प्रभावित
x

Bihar: नवादा से जुड़ी एक बड़ी रेल घटना में गया-हावड़ा एक्सप्रेस में आरक्षित सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद रविवार को हिंसक झड़प में बदल गया। यह मामला क्यूल-नवादा-गया रेलखंड के काशीचक स्टेशन पर सामने आया, जहां ट्रेन करीब एक घंटे तक रुकी रही।

पीड़ित सब-इंस्पेक्टर हरिओम ने बताया कि वह अपनी पत्नी पूजा कुमारी, जो स्वयं भी सब-इंस्पेक्टर हैं, और अपने बच्चे के साथ गया से पाकुड़ जा रहे थे। वे फर्स्ट एसी कोच में आरक्षित सीट पर यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान नवादा स्टेशन से एक युवक कोच में चढ़ा और उनकी सीट पर बैठने लगा। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और युवक ने अभद्र व्यवहार किया। बाद में उसने अपने साथियों को काशीचक स्टेशन पर बुला लिया।

दंपत्ति का आरोप है कि उन्होंने टीटीई और ‘रेल मदद’ पोर्टल पर सुरक्षा की शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन समय पर कोई सुरक्षा नहीं मिली। काशीचक स्टेशन पर पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन ट्रेन आगे बढ़ने के बाद वैक्यूम काटकर उसे दोबारा रोक दिया गया।

इसके बाद करीब दस युवक ट्रेन में घुस गए और सब-इंस्पेक्टर दंपत्ति व उनके बच्चे के साथ मारपीट की। घटना के बाद महिला सब-इंस्पेक्टर इंजन के आगे बैठ गईं, जिससे ट्रेन लगभग एक घंटे तक काशीचक स्टेशन पर खड़ी रही।

बाद में आरपीएफ, स्थानीय पुलिस और रेल अधिकारियों ने समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और ट्रेन को रवाना किया। घटना के बाद यात्रियों में दहशत फैल गई है और रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Next Story