बिहार

पप्पू यादव बोले—किसानों के लिए हर स्तर पर लड़ाई

Saba Naaz
4 July 2026 5:10 PM IST
पप्पू यादव बोले—किसानों के लिए हर स्तर पर लड़ाई
x

Bihar: मोतिहारी के पिपराकोठी में प्रस्तावित वाटर पार्क के लिए भूमि अधिग्रहण के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन को उस समय बड़ा समर्थन मिला जब सांसद पप्पू यादव आंदोलन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके संघर्ष को पूरी तरह न्यायसंगत बताया।

सांसद पप्पू यादव ने कहा कि किसानों की यह लड़ाई उनकी अपनी लड़ाई है और वे हर स्तर पर उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे को लोकसभा से लेकर हाईकोर्ट तक उठाया जाएगा और किसानों के अधिकारों के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। आंदोलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “मैं आपके बेटे की तरह हूं। जब तक किसानों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।” उन्होंने यह भी कहा कि किसान केवल अन्नदाता नहीं हैं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, इसलिए उनके अधिकारों से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

पप्पू यादव ने किसानों से अपील की कि वे अपना आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रखें। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसानों की एकता और जागरूकता का प्रतीक है और उनकी मांगों को सरकार तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा। इस दौरान किसानों ने सांसद को भूमि अधिग्रहण से जुड़ी समस्याओं और अपनी आपत्तियों की जानकारी दी। पप्पू यादव के समर्थन के बाद आंदोलन में शामिल लोगों में नया उत्साह देखने को मिला।

मौके पर कई स्थानीय नेता और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिनमें पूर्व जिला परिषद सदस्य मुख्तार प्रसाद गुप्ता, विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के पूर्व प्रत्याशी और कई युवा व छात्र नेता शामिल थे। बड़ी संख्या में किसानों की मौजूदगी ने आंदोलन को और मजबूती दी। फिलहाल किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी है और सभी की नजर प्रशासन और सरकार की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Next Story