बिहार

पप्पू यादव ने वलीपुर हत्याकांड के परिजनों को दिया भरोसा, सरकार पर लगाया आरोप

Saba Naaz
21 Jun 2025 7:54 PM IST
पप्पू यादव ने वलीपुर हत्याकांड के परिजनों को दिया भरोसा, सरकार पर लगाया आरोप
x
Bihar बिहार : लखीसराय जिले के वलीपुर गांव में हुए डबल मर्डर केस को लेकर पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने शनिवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और घटना की कड़ी निंदा करते हुए बिहार सरकार व प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।
सांसद यादव ने कहा कि लखीसराय जिले में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में सत्ता पक्ष और विपक्ष के कुछ लोग, जमीन माफिया, शराब तस्कर और अपराधी आपस में गठजोड़ कर अपराध को संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वलीपुर की घटना इसी मिलीभगत और प्रशासनिक विफलता का स्पष्ट उदाहरण है।
गौरतलब है कि 17 जून की रात वलीपुर पंचायत के मुखिया चंदन सिंह और वार्ड सदस्य प्रतिनिधि चंदन कुमार की अज्ञात अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर हत्या कर दी थी। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। पप्पू यादव ने कहा कि इस जघन्य हत्याकांड ने लोकतंत्र और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को कठघरे में खड़ा कर दिया है। यदि एक निर्वाचित मुखिया और वार्ड सदस्य सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों का क्या होगा?
उन्होंने बिहार पुलिस महानिदेशक और लखीसराय एसपी से मांग की कि घटना में शामिल शूटरों और उन्हें संरक्षण देने वाले सफेदपोश लोगों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे ‘जस्टिस फॉर चंदन’ अभियान के तहत सड़क से सदन तक आंदोलन छेड़ेंगे। सांसद ने मृतक मुखिया की पत्नी से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि हम इस संघर्ष में आपके साथ हैं। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता है। पप्पू यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज राज्य में आम आदमी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है और सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
Next Story