
Bihar: लखनऊ में कोचिंग संस्थान में हुई भीषण आग की घटना के बाद पटना में भी अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा मानकों को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। मंगलवार को विभाग की टीम ने शहर के कई कोचिंग संस्थानों का व्यापक निरीक्षण किया, जिसमें खान ग्लोबल स्टडी समेत कई प्रमुख कोचिंग सेंटर शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान टीम ने फायर सेफ्टी उपकरण, इमरजेंसी एग्जिट, अलार्म सिस्टम और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की। जांच में कई संस्थानों में अग्नि सुरक्षा से जुड़े मानकों का पालन नहीं पाया गया, जिसके बाद उन्हें नोटिस जारी कर जल्द व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया गया है।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी रितेश पांडेय ने बताया कि जिन कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों की कमी पाई गई है, उन्हें तय समय के भीतर सुधार करने को कहा गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित अवधि में कमियां दूर नहीं की गईं तो संबंधित संस्थानों को सील करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
जानकारी के अनुसार, पटना जिले में कुल 284 कोचिंग संस्थान संचालित हैं। इनमें से 178 संस्थानों में फायर सेफ्टी मानकों का पालन किया जा रहा है, जबकि 106 संस्थानों में अभी भी सुरक्षा व्यवस्थाएं अधूरी हैं। इन संस्थानों में किसी भी आपात स्थिति में छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई गई है।
फायर विभाग के अनुसार, लोदीपुर क्षेत्र में सबसे अधिक 33 संस्थानों में कमियां पाई गई हैं। वहीं बाढ़ अनुमंडल में स्थिति सबसे खराब है, जहां 33 में से 32 कोचिंग संस्थान फायर सेफ्टी मानकों पर खरे नहीं उतरे।
कंकड़बाग, सचिवालय, फुलवारीशरीफ, दानापुर, पटना सिटी, मसौढ़ी और पालीगंज क्षेत्रों में भी कई संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था अधूरी पाई गई है।
अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है और आने वाले दिनों में और भी सख्त जांच की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों पर कड़ी कार्रवाई होगी।





