
Bihar: मुजफ्फरपुर से सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर बड़ी खबर सामने आई है, जहां केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा विशेष शाखा में सिपाही पदों पर बहाली के लिए लिखित परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई। जिले के कुल 17 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें 10,854 अभ्यर्थी शामिल हुए।
जिला प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए थे। इससे पहले जिलाधिकारी कुमार गौरव और एसएसपी कांतेश मिश्रा ने सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया था कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
परीक्षा को दो पालियों में आयोजित किया गया। पहली पाली सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक संपन्न हुई। अभ्यर्थियों के लिए सुबह 8 बजे रिपोर्टिंग टाइम निर्धारित किया गया था, जबकि परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार सुबह 9 बजे ही बंद कर दिए गए थे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे और उनकी लाइव मॉनिटरिंग जिला समाहरणालय में बनाए गए कंट्रोल रूम से की जा रही थी। यह कंट्रोल रूम सुबह 7 बजे से ही सक्रिय कर दिया गया था। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) को इसका प्रभारी बनाया गया था।
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की सख्त जांच और फ्रिस्किंग की गई। सुरक्षा के लिए पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने पर पूरी तरह रोक लगाई गई थी।
मुजफ्फरपुर जिले में एमडीडीएम कॉलेज, एलएनटी कॉलेज, आरडीएस कॉलेज, आरबीबीएम कॉलेज, एमपीएस साइंस कॉलेज, डॉल्फिन पब्लिक स्कूल, क्राइस्ट ज्योति इंटरनेशनल स्कूल, बीपी इंद्रप्रस्थ इंटरनेशनल स्कूल, लाइसियम इंटरनेशनल स्कूल सहित कुल 17 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई।
कुल मिलाकर परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखी। परीक्षा समाप्त होने के बाद जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली और इसे सफल आयोजन बताया।





