
भोजपुर जिले: बड़हरा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब सुखी नदी के किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। जानकारी के अनुसार, बभनगावां और इंग्लिश गांव के बीच पुल के पास सुबह करीब 9:30 बजे ग्रामीणों ने झाड़ियों में शव देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पहले बबूरा थाना पुलिस और बाद में बड़हरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती दौर में थाना सीमा को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही, जिससे कार्रवाई में कुछ देर हुई, लेकिन बाद में बड़हरा थाना पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर आरा सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मृत महिला के बाएं पैर पर जलने जैसा निशान भी पाया गया है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। फिलहाल हत्या, हादसा या किसी अन्य कारण से मौत हुई है, इस पर सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस महिला की पहचान के लिए आसपास के इलाकों से जानकारी जुटा रही है।





