
Bihar:गया जिले के खिजरसराय प्रखंड के देवगांव-साधुनगर में 170 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर का शिलान्यास मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने बिहार को औद्योगिक हब बनाने, शिक्षा सुधार, रोजगार सृजन और आधारभूत ढांचे के विकास को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सेंटर बिहार के औद्योगिक विकास में नया अध्याय जोड़ेगा और युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाएगा। सीएम ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में बिहार में एमएसएमई सेक्टर में बड़ा विस्तार हुआ है। पहले जहां लाखों लोग जुड़े थे, वहीं अब करोड़ों लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए 30 दिन में ऑटोमैटिक परमिट प्रणाली लागू करेगी, जिससे निवेश प्रक्रिया आसान होगी।
मुख्यमंत्री ने बिजली, सड़क और शिक्षा क्षेत्र में हुए सुधारों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि राज्य में करोड़ों लोगों तक बिजली पहुंच चुकी है और सस्ती दरों पर आपूर्ति की जा रही है। साथ ही मॉडल स्कूल और डिग्री कॉलेज खोलने की योजना पर भी काम चल रहा है। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के लिए 40 एकड़ जमीन देने, फल्गु नदी में सोन नदी का पानी लाने और शिक्षा व्यवस्था सुधारने जैसी घोषणाएं भी की गईं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस और प्रशासन को 20 घंटे काम करने का लक्ष्य दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि यह सेंटर हर साल हजारों युवाओं को प्रशिक्षण देगा और आसपास के क्षेत्रों को बड़ा औद्योगिक व शिक्षा हब बनाएगा।





