
Bihar: मोतिहारी से एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां पिपराकोठी थाना पुलिस ने मात्र 48 घंटे के भीतर चोरी हुई स्कॉर्पियो को मधुबनी जिले से बरामद कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से वाहन मालिक को राहत मिली है, हालांकि चोरी में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी अभी बाकी है।
जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई 2026 की सुबह जीवधारा क्षेत्र से उजले रंग की स्कॉर्पियो (वाहन संख्या BR05PA-6188) चोरी होने की सूचना मिली थी। इस मामले में पिपराकोठी थाना कांड संख्या-362/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया और वाहन को मधुबनी जिले के खुटौना थाना क्षेत्र अंतर्गत इकरसठ गांव स्थित जामा मस्जिद के पास से बरामद किया। पुलिस का दावा है कि यह कार्रवाई 48 घंटे के भीतर पूरी की गई।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व पिपराकोठी थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह ने किया। टीम में पुअनि शाहिल कुमार, शशि भूषण कुमार, ज्योति महतो सहित थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि वाहन बरामद कर लिया गया है और अब आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।





