बिहार

पटना-गया हाइवे पर पुलिस टीम पर बदमाशों ने की फायरिंग, 4 गिरफ्तार

Renuka Sahu
26 Aug 2022 3:07 AM GMT
Miscreants fired at police team on Patna-Gaya highway, 4 arrested
x

फाइल फोटो 

बिहार में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद है कि वे पुलिस पर भी हमला करने से नहीं कतराते।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। बिहार में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद है कि वे पुलिस पर भी हमला करने से नहीं कतराते। पटना-गया स्टेट हाईवे पर स्थित चनाकी मोड़ के पास बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। बदमाशों की फायरिंग में धनरुआ के अवर निरीक्षक बाल-बाल बच गए। पुलिस टीम ने चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि एक अपराधी भागने में सफल रहा।

जानकारी के मुताबिक अपराध की साजिश बना रहे बदमाशों को पकड़ने जब धनरुआ पुलिस बुधवार शाम पटना-गया स्टेट हाइवे-1 स्थित चनाकी मोड़ के पास पहुंची तो पुलिस से अपने को घिरता देख बदमाश रसलपुर बगीचा में छिप गए और फायरिंग करने लगे। बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग की। पुलिस ने बदमाशों को सरेंडर करने के लिए कहा, नहीं तो गोली मारने की धमकी दी। इससे वे डरकर बाहर आ गए और चार बदमाशों को पुलिस गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि एक भागने में सफल रहा।
बदमाशों के पास से एक पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस के अलावा एक खोखा बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार बदमाश मसौढ़ी नगर के हॉस्पीटल रोड स्थित विश्वनाथ मंदिर के निकट रहने वाले राहुल कुमार तिवारी के अलावा दो अन्य बदमाश कादिरगंज के इमलिया के रहने वाले हैं। धनरुआ पुलिस गिरफ्तार चारों बदमाशों से पूछताछ कर रही है। एएसपी वैभव शर्मा और थानाध्यक्ष दीनानाथ सिंह ने इस संबंध में फिलहाल कुछ भी बताने से मना कर दिया। परिजन का कहना है कि गिरफ्तार चारों आरोपियों की उम्र 17 से 20 साल के आसपास है। वे पुलिस के डर से भागने लगे थे। उनकी अपराध की कोई साजिश नहीं थी।
Next Story