बड़े पैमाने पर बिहार में प्रशासनिक पदाधिकारियों का तबादला, देखिये पूरी लिस्ट, कौन कहां गए
![Massive transfer of administrative officers in Bihar, see the complete list, who went where Massive transfer of administrative officers in Bihar, see the complete list, who went where](https://jantaserishta.com/h-upload/2022/07/16/1791955--.webp)
फाइल फोटो
जनता से रिश्ता वेबडेस्क। राज्य सरकार ने बिहार प्रशासनिक सेवा (बिप्रसे) के 28 पदाधिकारियों को नयी जिम्मेदारी दी है। इसमें बड़ी संख्या में ऐसे पदाधिकारी हैं, जो पदस्थापन की प्रतीक्षा में थे। इनमें से कई पदाधिकारी पदस्थापना के लिए इंतजार कर रहे थे तो कई अपने स्थान पर सेवा अवधि पूरी कर चुके थे।
पदस्थापना की प्रतीक्षा कर रहे शंभू शरण को मोतिहारी नगर निगम का नगर आयुक्त, सत्यप्रकाश शर्मा को सासाराम नगर निगम का नगर आयुक्त, राजेश कुमार को दरभंगा प्रमंडल के क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार का संयुक्त आयुक्त सह सचिव, बीसी-ईबीसी कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव निरोज कुमार भगत को आरा का नगर आयुक्त, शिवहर के अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभु कुमार को बेतिया नगर आयुक्त बनाया गया है।
नगर आयुक्त
इसी तरह कुमार मंगलम को कटिहार का नगर आयुक्त, कृषि विभाग के विभागीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल चौधरी को मधुबनी का नगर आयुक्त, विभूति रंजन चौधरी को समस्तीपुर का नगर आयुक्त, मो. इबरार आलम को बेगूसराय का नगर आयुक्त, भागलपुर जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक प्रमोद कुमार पांडेय को सीतामढ़ी का नगर आयुक्त, बिहार कर्मचारी चयन आयोग के उप सचिव अभय कुमार सिंह को भागलपुर आयुक्त का सचिव बनाया गया है।
संजय कुमार बने शिक्षा के संयुक्त सचिव
खगड़िया के जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी भूपेंद्र प्रसाद यादव कोसी प्रमंडलीय आयुक्त के सचिव, बीएसएफसी महाप्रबंधक सुशील कुमार को मगध प्रमंडलीय आयुक्त के सचिव व संजय कुमार शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव बनाए गए हैं। सत्येंद्र कुमार सिंह को सूचना एवं जन संपर्क विभाग का संयुक्त सचिव, जितेंद्र प्रसाद साह को गन्ना उद्योग विभाग का संयुक्त सचिव, नंद किशोर साह को बीपीएससी का संयुक्त सचिव, अनिल कुमार ठाकुर को कृषि विभाग में संयुक्त निदेशक (प्रशासन), शत्रुंजय कुमार मिश्र को ग्रामीण कार्य विभाग का संयुक्त सचिव बनाया गया है। विनय कुमार राय को पथ निर्माण विभाग का संयुक्त सचिव, रंजीत कुमार को योजना एवं विभाग विभाग का संयुक्त सचिव, निर्मल कुमार को पीएचईडी में संयुक्त सचिव व विनायक मिश्र को सामान्य प्रशासन विभाग में प्रशासनिक पदाधिकारी बनाया गया है।
मुजफ्फरपुर के नगर आयुक्त, भू-अर्जन पदा. व अपर समाहर्ता बदले
मुजफ्फरपुर के नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय, जिला भू अर्जन पदाधिकारी मो. उमैर व अपर समाहर्ता राजेश कुमार का तबादला किया गया है। शुक्रवार को नए भू अर्जन पदाधिकारी संजय कुमार राय ने पदभार ग्रहण भी कर लिया। वहीं नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय को सचिवालय स्थित उद्योग विभाग के हस्तकरघा एवं रेशम निदेशालय का निदेशक बनाया है। उप विकास आयुक्त आशुतोष द्विवेदी को नगर आयुक्त मुजफ्फरपुर का प्रभार दिया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने आयुक्त के सचिव के पद पर अब्दुल हमीद को तैनात किया है। इससे पहले वे भोजपुर में नगर आयुक्त थे। आयुक्त के सचिव पद पर आरटीए सेक्रेटरी वरुण कुमार मिश्रा प्रभार में चल रहे थे। वहीं बेगूसराय सदर के भूमि सुधार उप समाहर्ता नंद किशोर चौधरी को मुजफ्फरपुर नगर का अपर नगर आयुक्त बनाया गया है। जिले के अपर समाहर्ता राजेश कुमार को दरभंगा में क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार का सचिव बनाया गया है।