बिहार

अशोक धाम महोत्सव के दूसरे दिन "रिकनेक्ट लखीसराय" सत्र में हुई कई महत्वपूर्ण चर्चा

Gulabi Jagat
8 April 2025 9:44 PM IST
अशोक धाम महोत्सव के दूसरे दिन रिकनेक्ट लखीसराय सत्र में हुई कई महत्वपूर्ण चर्चा
x
Lakhisarai। अशोक धाम महोत्सव के दूसरे दिन आयोजित "रिकनेक्ट लखीसराय" सत्र में जिले के जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने जिले में हो रही सांस्कृतिक गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। इस सत्र में उन्होंने कहा कि लखीसराय की विकास यात्रा में अधिकारियों, जन प्रतिनिधियों, मीडिया और जनता का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है, जो हमें मिल रहा है।
दिल्ली से जुड़े शिक्षाविद रजनीश राज ने लखीसराय के बच्चों के लिए मार्गदर्शन की आवश्यकता पर अपने विचार साझा किए और कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वे हमेशा तैयार हैं। वहीं, एक प्रमुख मीडिया हाउस से जुड़े आशुतोष पांडेय और अमर सिंह ने कहा कि मीडिया कर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है, अगर वे लखीसराय के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी निभाते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करें।
फ़िल्मकार रविराज पटेल ने कहा कि लखीसराय और यहाँ के लोगों में बहुत संभावनाएँ हैं। उन्होंने लाली पहाड़ी, सतसंडा, शृंगीऋषि आश्रम जैसी प्रसिद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों की जानकारी लोगों तक पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया। इसके लिए उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से सुंदर तस्वीरों और लेखों के द्वारा इस जानकारी को व्यापक बनाने का सुझाव दिया। साथ ही, अशोक धाम के वेबसाइट के माध्यम से देश-विदेश में बैठे लोगों को लखीसराय की सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ने की बात की।
सत्र में अपर समाहर्ता सुधांशु शेखर, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चंदन कुमार, डीआरडीए निदेशक नीरज कुमार, कला संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन, कोलकाता से मरिन इंजीनियर सुमन कुमार, डॉक्टर प्रवीण कुमार सिन्हा, कमल नयन पांडेय, मनोरंजन कुमार और डॉक्टर कुमार अमित सहित दर्जनों प्रवासियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज की।
Next Story