बिहार

Araria मोबाइल चोरी कांड में बड़ी कार्रवाई, 12 करोड़ के मामले में 3,487 फोन बरामद

Gulabi Jagat
25 July 2026 10:27 PM IST
Araria मोबाइल चोरी कांड में बड़ी कार्रवाई, 12 करोड़ के मामले में 3,487 फोन बरामद
x

बिहार: बिहार के अररिया जिले में करीब 12 करोड़ रुपये के मोबाइल चोरी कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसकी निशानदेही पर 2,050 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के बाद अब तक इस मामले में कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले में अब तक 3,487 मोबाइल फोन, 6.97 लाख रुपये नकद, एक लैपटॉप और पांच वाहन जब्त किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों और चोरी किए गए बाकी सामान की बरामदगी के लिए जांच लगातार जारी है।

जानकारी के मुताबिक, 9 जून 2026 को कर्नाटक नंबर के एक कंटेनर से दो बड़ी मोबाइल कंपनियों के मोबाइल फोन और एक्सेसरीज चोरी हो गए थे। चोरी के बाद कंटेनर को अररिया के जीरो माइल स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास छोड़ दिया गया था। इसके बाद अररिया थाना में कांड संख्या 314/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनवर उर्फ अनावरूल, दीपक गुप्ता, शाहिल, कामिल उर्फ किम्गी और नईम के रूप में हुई थी। इनके पास से पुलिस ने 1,437 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, पांच वाहन और 6.97 लाख रुपये नकद बरामद किए थे।

इसके बाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के शेरगढ़ थाना क्षेत्र के विसम्भरा निवासी अनीश (33 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए 2,050 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

अररिया के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच में पुलिस टीम को लगातार सफलता मिल रही है। उन्होंने कहा कि पहले पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद बड़ी संख्या में मोबाइल बरामद किए गए थे और अब अनीश की गिरफ्तारी के बाद 2,050 और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में अब तक कुल 3,487 मोबाइल फोन बरामद हो चुके हैं। इसके अलावा नकद राशि, लैपटॉप और वाहन भी जब्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है।

इस कार्रवाई में अररिया थाना पुलिस, जिला खुफिया इकाई (DIU) और बिहार एसटीएफ (SOG) की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस अब पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है, ताकि मोबाइल चोरी की इस बड़ी वारदात में शामिल सभी लोगों तक पहुंचा जा सके।

Next Story