बिहार

Kalash Yatra के साथ महायज्ञ की शुरुआत, 26 जून को बड़ा आयोजन

Saba Naaz
16 Jun 2026 4:43 PM IST
Kalash Yatra के साथ महायज्ञ की शुरुआत, 26 जून को बड़ा आयोजन
x

Bihar:पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र के चंडासी गांव में 108 फीट ऊंची अर्धनारीश्वर प्रतिमा इन दिनों श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह भव्य धार्मिक परिसर कई वर्षों की मेहनत और देश के विभिन्न राज्यों के कारीगरों के सहयोग से निर्मित किया गया है। इस मंदिर परिसर में भगवान शिव और माता पार्वती के संयुक्त स्वरूप अर्धनारीश्वर के साथ भगवान गणेश और भगवान कार्तिकेय की विशाल प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं।

यह पूरा परिसर अपनी भव्यता और स्थापत्य कला के कारण दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। मंदिर परिसर पटना-गया मार्ग पर जीरो माइल के पास स्थित है, जिससे इसकी पहुंच भी आसान है। धार्मिक आयोजनों की शुरुआत 17 जून से हो चुकी है, जहां 25 जून तक 1008 कुंडीय महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इस महायज्ञ में देशभर से आए लगभग एक हजार विद्वान ब्राह्मण और आचार्य वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुति दे रहे हैं। आयोजन स्थल पर लगातार “हर-हर महादेव” और “जय भोलेनाथ” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत 16 जून को भव्य कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें करीब 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कलश यात्रा के बाद से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ने की संभावना है। आयोजन समिति और स्वयंसेवक दिन-रात व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं, जिनमें श्रद्धालुओं के लिए भोजन, आवास, पेयजल और सुरक्षा की व्यवस्था शामिल है। इस आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में भी भारी उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति के अनुसार, 26 जून को भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दिन अर्धनारीश्वर प्रतिमा सहित परिसर में स्थापित सभी देवी-देवताओं की प्रतिमाओं की वैदिक रीति-रिवाजों के साथ प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस अवसर पर देशभर से संत-महात्माओं और हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इस भव्य धार्मिक परिसर के पूर्ण रूप से विकसित होने के बाद इसे बिहार के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों में गिना जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

Next Story