
Bihar:सिवान जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के चोरमा गांव निवासी एक युवक का शव सोनपुर रेलवे स्टेशन के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान माधो साह के पुत्र परमेंद्र साह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह नागालैंड से अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में यह दुखद घटना हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन तत्काल सोनपुर के लिए रवाना हो गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मंगलवार को परिजनों को सौंप दिया। जैसे ही शव गांव पहुंचा, पूरे गांव में मातमी माहौल बन गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और लोग उन्हें संभालने की कोशिश करते नजर आए। सबसे ज्यादा दर्दनाक दृश्य तब देखने को मिला जब मृतक की पत्नी अंजलि देवी अपने पति का शव देखकर दहाड़ मारकर रोने लगीं। उनकी चीख-पुकार सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। वह बार-बार बेसुध हो जा रही थीं, जिन्हें ग्रामीणों ने किसी तरह संभाला।
ग्रामीणों के अनुसार परमेंद्र साह की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी और उनके कोई संतान नहीं थी। वह दो भाइयों में छोटे थे और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में सहयोग करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के पिता माधो साह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति और भी कमजोर हो गई है। गांव में शोक का माहौल है और लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
फिलहाल युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इस घटना को लेकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।





