
Bihar: पुलिस के कथित एनकाउंटर में मारे गए बिलौटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर 24 जून को बिलौटी गांव में विशाल महापंचायत आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम को लेकर पूरे इलाके में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। आयोजकों का दावा है कि इसमें देश के कई राज्यों से हजारों लोग शामिल होंगे।
जानकारी के अनुसार, इस महापंचायत में Karni Sena समेत कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों की भागीदारी होगी। इसमें परशुराम महासभा, हिंदू महासभा, ब्राह्मण महासभा और हिंदू जागरण मंच जैसे संगठन भी शामिल होंगे। आयोजकों का कहना है कि बिहार सहित उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे राज्यों से भी लोग पहुंच सकते हैं।
आयोजन समिति के अनुसार, इस महापंचायत में करीब 5 से 10 हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान है। कार्यक्रम के दौरान भरत भूषण तिवारी मामले के कानूनी पहलुओं पर भी चर्चा की जाएगी, जिसमें उच्च न्यायालय से जुड़े वरिष्ठ अधिवक्ताओं को आमंत्रित किया गया है।
महापंचायत के लिए बक्सर-आरा फोरलेन के पास स्थित एक बड़े बगीचे में व्यवस्था की गई है, जहां पंडाल, मंच, पेयजल, भोजन और पार्किंग की तैयारी की जा रही है। स्थानीय स्वयंसेवक लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।
आयोजकों का कहना है कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसी राजनीतिक दल का समर्थन या विरोध करना नहीं है, बल्कि भरत भूषण तिवारी मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग को मजबूत करना है। उनका दावा है कि विभिन्न वर्गों और संगठनों की भागीदारी से पीड़ित परिवार की आवाज को मजबूती मिलेगी।
स्थानीय स्तर पर यह महापंचायत चर्चा का विषय बनी हुई है। लोगों का मानना है कि देशभर से आने वाले प्रतिनिधियों की मौजूदगी इस मामले को व्यापक पहचान दिला सकती है और न्याय की मांग को और तेज कर सकती है।





