बिहार

मधुबनी: सरफुद्दीन केस में शव मिलने से सनसनी

Saba Naaz
28 Jun 2026 6:28 PM IST
मधुबनी: सरफुद्दीन केस में शव मिलने से सनसनी
x

Bihar: मधुबनी जिले के शत्रुपट्टी गांव में 24 वर्षीय मो. सरफुद्दीन का 12 दिन बाद सड़ा-गला शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। शव मिलने के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार लगातार हत्या की जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।

जानकारी के अनुसार, सरफुद्दीन 15 जून को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से अपने गांव लौटा था। वह कुछ समय परिवार के साथ रहने के बाद दोपहर में अपने दोस्त सदरे आलम के साथ बाइक से बाहर गया था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने कई दिनों तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। करीब 12 दिन बाद शनिवार को घोघरडीहा-हटनी सड़क के पास भुतही बलान नदी के पूर्वी इलाके में एक गड्ढे से उसका शव बरामद हुआ। शव बुरी तरह सड़ चुका था। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन शव बोरे में बंद होने के कारण पहचान तुरंत नहीं हो सकी। बाद में दरभंगा में पोस्टमार्टम के दौरान कपड़ों के आधार पर शव की पहचान मो. सरफुद्दीन के रूप में हुई।

परिवार में इस घटना के बाद कोहराम मचा हुआ है। मृतक की नानी बार-बार बेहोश हो रही हैं और रोते हुए कह रही हैं कि “मेरा बाबू वापस ला दो।” मामी भी लगातार रो-रोकर यही मांग कर रही हैं कि उनके बेटे को वापस लाया जाए। परिजनों के अनुसार, सरफुद्दीन पांच भाई-बहनों में सबसे जिम्मेदार और कमाने वाला सदस्य था। उसकी अचानक मौत से पूरा परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से टूट गया है। नाना अनिसुर रहमान ने बताया कि युवक का किसी से कोई विवाद नहीं था और वह शांत स्वभाव का था।

ग्रामीणों का कहना है कि सरफुद्दीन किसी भी झगड़े या विवाद से दूर रहता था और उसका व्यवहार सरल था। यही वजह है कि हत्या की वजह को लेकर गांव में कई सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के बाद पूरे शत्रुपट्टी गांव में दहशत और शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग मृतक के घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। हर किसी के मन में यही सवाल है कि आखिर इतनी बेरहमी से युवक की हत्या क्यों की गई।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना के कारणों का खुलासा किया जाएगा।

Next Story