बिहार

सीवान में शराब तस्कर गिरफ्तार

Saba Naaz
19 Jun 2026 3:35 PM IST
सीवान में शराब तस्कर गिरफ्तार
x

Bihar: सीवान जिले में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का मामला लगातार सामने आ रहा है। इसी कड़ी में भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 290 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है और दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब की बड़ी खेप दो वाहनों के जरिए इलाके से गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पीएसआई छपित कुमार चौबे और एसआई अनिल कुमार की टीम ने इलाके में वाहनों की जांच शुरू की।

गाजियापुर गांव के पास पकड़ी गई गाड़ियां

जांच के दौरान पुलिस ने गाजियापुर गांव के पास दो संदिग्ध कारों को रोका। तलाशी लेने पर टाटा नेक्सन और मारुति सुजुकी अर्टिगा कार से कुल 290 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

दो तस्कर गिरफ्तार

मौके से पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान बड़कागांव बकतौली निवासी शांतनु कुमार और रमेश सिंह के पुत्र रंजीत कुमार के रूप में हुई है।

नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ी को जोड़ने में जुटी है ताकि शराब तस्करी के इस रैकेट का खुलासा किया जा सके।

Next Story