
Bihar: इग्नू ने जुलाई 2026 सत्र के लिए नामांकन और री-रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस बार इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) ने बड़ा बदलाव करते हुए ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ODL) और ऑनलाइन दोनों तरह के पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए APAAR ID को अनिवार्य कर दिया है. आवेदन और री-रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है. विश्वविद्यालय की इस नई व्यवस्था से छात्रों को एडमिशन प्रक्रिया शुरू करने से पहले जरूरी दस्तावेजों की तैयारी करनी होगी, खासकर APAAR ID का बनवाना अनिवार्य होगा.
कमला राय कॉलेज स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ. अमित कुमार ने जानकारी दी कि इस सत्र में स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स सहित कई पाठ्यक्रमों में दाखिला लिया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना APAAR ID के किसी भी छात्र का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा. यह व्यवस्था डिजिटल रिकॉर्ड को मजबूत करने और छात्रों के डेटा को एकीकृत करने के उद्देश्य से लागू की गई है. समन्वयक ने छात्रों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और पहले ही अपनी APAAR ID बनवाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि अंतिम समय में किसी तकनीकी समस्या या सर्वर दबाव का सामना न करना पड़े. उन्होंने कहा कि समय पर आवेदन करने से छात्रों को सभी सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी.
आवेदन के लिए छात्रों को इग्नू के ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर फॉर्म भरना होगा. आवेदन के दौरान पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, शैक्षणिक प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे. विश्वविद्यालय ने यह भी सलाह दी है कि छात्र अपना मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी ही दर्ज करें, ताकि ओटीपी और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं सीधे प्राप्त हो सकें. इग्नू ने री-रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि भी 15 जुलाई तय की है. पहले से पढ़ाई कर रहे छात्रों के लिए यह प्रक्रिया जरूरी है, ताकि वे अगले सेमेस्टर या वर्ष में अपनी पढ़ाई जारी रख सकें. समय पर री-रजिस्ट्रेशन नहीं करने पर छात्रों को परीक्षा, असाइनमेंट और आगे की पढ़ाई से वंचित होना पड़ सकता है.
विश्वविद्यालय ने यह भी बताया कि पात्र छात्र राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) के माध्यम से सरकारी छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ ले सकते हैं. नामांकन की पुष्टि के बाद छात्र इसके लिए आवेदन कर सकते हैं. इधर, आवेदन प्रक्रिया शुरू होते ही साइबर कैफे और ऑनलाइन सेवा केंद्रों पर छात्रों की भीड़ बढ़ गई है. कम लागत और घर बैठे पढ़ाई की सुविधा के कारण हर साल बड़ी संख्या में छात्र इग्नू से जुड़ते हैं, और इस बार भी नामांकन प्रक्रिया को लेकर छात्रों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.





