बिहार

Lakhisarai: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित

Gulabi Jagat
13 Dec 2025 11:08 PM IST
Lakhisarai: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित
x
Lakhisarai लखीसराय। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखीसराय के तत्वावधान में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जिला व्यवहार न्यायालय, लखीसराय परिसर में किया गया। लोक अदालत का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार शर्मा , जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार द्वारा किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य न्याय सुलभता को सुदृढ़ करना तथा लंबित एवं पूर्व-वाद मामलों का आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से त्वरित, सरल एवं निःशुल्क निपटारा सुनिश्चित करना है।
राष्ट्रीय लोक अदालत में आमजन को बिना किसी शुल्क के न्याय प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इसमें विभिन्न प्रकृति के मामलों—जैसे शमनीय फौजदारी मामले, एन.आई. एक्ट (चेक बाउंस) से संबंधित वाद, बैंक ऋण वसूली मामले, मोटर दुर्घटना दावा वाद, पारिवारिक/वैवाहिक विवाद, श्रम विवाद, भूमि अधिग्रहण वाद, बिजली एवं पानी बिल से जुड़े विवाद, राजस्व एवं अन्य सिविल वाद, वन अधिनियम से संबंधित मामले—का आपसी सहमति से निपटारा किया जाता है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखीसराय के सचिव राजू कुमार ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने लंबित वादों के त्वरित समाधान हेतु राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिकतम लाभ उठाएं।
उन्होंने बताया कि लोक अदालत में किए गए समझौते अंतिम एवं बाध्यकारी होते हैं तथा इनके विरुद्ध अपील का प्रावधान नहीं होता, जिससे समय एवं धन दोनों की बचत होती है।
Next Story