बिहार

World Museum Day पर लखीसराय संग्रहालय आमजन के लिए रहेगा निःशुल्क खुला

Gulabi Jagat
17 May 2025 11:43 PM IST
World Museum Day पर लखीसराय संग्रहालय आमजन के लिए रहेगा निःशुल्क खुला
x
18 मई 2025 को विश्व संग्रहालय दिवस के अवसर पर, लखीसराय जिला प्रशासन की ओर से एक विशेष पहल की गई है। जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र के निर्देशानुसार, लखीसराय संग्रहालय प्रातः 10 बजे से संध्या 6 बजे तक सभी आम एवं खास दर्शकों के लिए निःशुल्क खुला रहेगा। इस अवसर पर आम जनता, शोधार्थियों, विद्यार्थियों और इतिहास प्रेमियों को संग्रहालय की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को देखने और समझने का सुनहरा अवसर मिलेगा। विश्व संग्रहालय दिवस हर साल 18 मई को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य समाज में संग्रहालयों की भूमिका और ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। लखीसराय संग्रहालय जिले की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक धरोहर को संजोए हुए है। यह बिहार का दूसरा सबसे बड़ा संग्रहालय है तथा एक विशिष्ट स्थान रखता है। यहाँ प्रदर्शित प्रमुख वस्तुओं में सिक्कों का संग्रह, स्थानीय हस्तशिल्प तथा अन्य ऐतिहासिक धरोहर शामिल हैं। साथ ही प्राचीन मूर्तियाँ एवं शिलालेख भी हैं जिनमें गुप्तकालीन और पालवंश की कलाकृतियाँ विशेष स्थान रखती हैं। जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने कहा कि "संग्रहालय हमारी सभ्यता और संस्कृति के प्रतीक हैं। लखीसराय संग्रहालय जिले की गौरवशाली विरासत को दर्शाता है। हम चाहते हैं कि अधिक से अधिक लोग, विशेषकर युवा पीढ़ी, यहाँ आकर अपने इतिहास से जुड़ें।" उन्होंने सभी नागरिकों से इस अवसर का लाभ उठाने और संग्रहालय का भ्रमण करने का आग्रह किया। विश्व विरासत दिवस क्विज में शामिल विभिन्न विद्यालयों के छात्रों को भी इस अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। प्रवेश शुल्क: निःशुल्क (18 मई को विशेष रूप से) समय: सुबह 10:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक स्थान: लखीसराय संग्रहालय, बालगुदर, लखीसराय संबंधित मामलों की जानकारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद प्रसाद ने अपनी नियमित प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
Next Story