बिहार

TB patients के लिए ‘खुशी’ योजना: 24 घंटे मदद की सुविधा

Saba Naaz
23 Jun 2026 6:41 PM IST
TB patients के लिए ‘खुशी’ योजना: 24 घंटे मदद की सुविधा
x

Bihar: पटना में टीबी मरीजों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में एक नई डिजिटल पहल शुरू की गई है. ‘टीबी मुक्त भारत’ मोबाइल ऐप में अब AI आधारित चैटबॉट ‘खुशी’ को शामिल किया गया है. यह चैटबॉट मरीजों को 24 घंटे जानकारी देने, सवालों के जवाब देने और इलाज के दौरान उनका मार्गदर्शन करने में मदद करेगी.

मरीजों को मिलेगी तुरंत जानकारी

टीबी मरीजों और उनके परिजनों को अब बीमारी से जुड़े सवालों के लिए अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. खांसी, जांच, दवा, खानपान और संक्रमण जैसे सभी सवालों का जवाब ‘खुशी’ चैटबॉट कुछ ही सेकंड में सरल भाषा में देगी. इससे मरीजों को समय पर इलाज शुरू करने और सही जानकारी मिलने में मदद मिलेगी.

डिजिटल सहेली की तरह करेगी काम

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह चैटबॉट मरीजों के लिए एक डिजिटल सहेली की तरह काम करेगी. टीबी का इलाज लंबा चलता है और कई बार मरीज बीच में दवा छोड़ देते हैं. ऐसे में ‘खुशी’ मरीजों को समय पर दवा लेने और पूरा इलाज करने के लिए लगातार प्रेरित करेगी.

12 भाषाओं में उपलब्ध सुविधा

‘खुशी’ चैटबॉट हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, बंगाली समेत कुल 12 भाषाओं में उपलब्ध है. यह टेक्स्ट के साथ-साथ वॉयस में भी जवाब दे सकती है. इससे ग्रामीण क्षेत्रों, बुजुर्गों और कम पढ़े-लिखे लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा.

24 घंटे उपलब्ध डिजिटल गाइडेंस

पटना के जिला टीबी अधिकारी डॉ. रजनीश चौधरी के अनुसार यह चैटबॉट मरीजों को 24 घंटे मार्गदर्शन देगा. इससे मरीजों को बार-बार डॉक्टरों के पास जाने की जरूरत कम होगी और इलाज की प्रक्रिया आसान हो जाएगी.

टीबी नियंत्रण अभियान को मिलेगी गति

विशेषज्ञों का मानना है कि सही जानकारी और जागरूकता टीबी नियंत्रण में सबसे अहम भूमिका निभाती है. ‘खुशी’ चैटबॉट इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जो लाखों मरीजों तक भरोसेमंद स्वास्थ्य जानकारी पहुंचाएगी.

Next Story