
Bihar: भोजपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गड़हनी अंचल कार्यालय में तैनात राजस्व कर्मचारी जितेंद्र कुमार को 3,500 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई मंगलवार को निगरानी थाना कांड संख्या-074/26 के तहत की गई, जिससे अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, एड़ौरा गांव निवासी रामदेव राम ने 22 जून 2026 को पटना स्थित निगरानी ब्यूरो में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि राजस्व कर्मचारी जमीन से जुड़े काम के बदले रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए।
इसके बाद डीएसपी गौतम कृष्ण के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई और गड़हनी अंचल कार्यालय में जाल बिछाया गया। जैसे ही पीड़ित ने केमिकल लगे नोट राजस्व कर्मचारी को सौंपे, टीम ने तुरंत उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी कर्मचारी को निगरानी टीम ने पूछताछ के लिए पटना ले जाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। उस पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
निगरानी विभाग ने कहा है कि सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के मामलों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।





