बिहार

Khan Sir Controversy:रामकृपाल यादव का बड़ा बयान

Saba Naaz
16 Jun 2026 2:21 PM IST
Khan Sir Controversy:रामकृपाल यादव का बड़ा बयान
x


Bihar:पटना में खान सर और रौशन आनंद के बीच चल रहे कोचिंग विवाद ने अब राजनीतिक रूप ले लिया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग और मुख्यमंत्री को लिखे पत्र के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है। सरकार की ओर से इस पर तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।

बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने इस पूरे मामले पर बयान देते हुए तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हर पहलू पर नजर रखी जा रही है, लेकिन विपक्ष को ऐसे संवेदनशील मुद्दों को राजनीतिक रंग नहीं देना चाहिए। उनके अनुसार हर मामले को राजनीति का मंच बनाना सही नहीं है। रामकृपाल यादव ने शिक्षा के माहौल को लेकर चिंता जताई और कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियां या केवल व्यावसायिक लाभ के लिए की जाने वाली चीजें छात्रों के भविष्य को प्रभावित करती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य छात्रों का भविष्य बनाना है, न कि विवाद पैदा करना।

मंत्री ने यह भी कहा कि इस विवाद को कुछ लोग जाति और धर्म के नजरिए से देखने की कोशिश कर रहे हैं, जो गलत है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर इसे यादव बनाम मुस्लिम का रूप देने की कोशिश की जा रही है, जबकि शिक्षा और गुरु को जाति-धर्म से जोड़ना समाज के लिए नुकसानदायक है। उन्होंने बताया कि अब पटना शिक्षा का एक बड़ा केंद्र बनता जा रहा है, जहां पहले छात्र कोटा, दिल्ली और पुणे जैसे शहरों में जाते थे, लेकिन अब बेहतर शैक्षणिक माहौल के कारण उन्हें अपने ही राज्य में अवसर मिल रहे हैं।

रामकृपाल यादव ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि इस विवाद को राजनीतिक मुद्दा न बनाया जाए और इसे शिक्षा व कानून के दायरे में ही हल किया जाए, ताकि छात्रों के भविष्य पर कोई असर न पड़े।

Next Story