बिहार

पछुआ हवा बढ़ा रही बिहार में कनकनी, आज से न्यूनतम तापमान में होगी गिरावट

Sarita
14 Jan 2022 10:20 AM IST
पछुआ हवा बढ़ा रही बिहार में कनकनी, आज से न्यूनतम तापमान में होगी गिरावट
x

फाइल फोटो 

चक्रवाती प्रभाव कम होने की वजह से बिहार के मौसम में सुधार आया है। गुरुवार को कई जिलों में धूप खिली और दिन में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। चक्रवाती प्रभाव कम होने की वजह से बिहार के मौसम में सुधार आया है। गुरुवार को कई जिलों में धूप खिली और दिन में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। हालांकि एक बार फिर पछुआ और उत्तर पछुआ हवाओं का प्रभाव जमने से कनकनी बढ़नी शुरू हो गई है। मौसमविदों के अनुसार इसकी वजह से शुक्रवार से ही न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट देखी जा सकती है।

पिछले 24 घंटों में सीवान का जीरादेई सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री दर्ज किया गया। फिलहाल सभी शहरों का न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक है, लेकिन अगले 24 घंटों में इनमें तेजी से गिरावट दर्ज की जाएगी। कुछ जगहों पर घना कोहरा छाने के आसार हैं। हालांकि शुक्रवार को दिन में मौसम साफ रहेगा। उत्तर पछुआ हवाओं का प्रभाव बढ़ने से कनकनी बढ़ेगी।
भोजपुर के संदेश में सबसे ज्यादा बारिश
इधर बारिश और ओलावृष्टि ने खेती-किसानी को काफी नुकसान पहुंचाया है। चक्रवातीय प्रभावों से सबसे ज्यादा बारिश भोजपुर के संदेश में दर्ज की गई। यहां कुल 60 मिमी बारिश हुई है। इसके अलावा अरवल में 28.6 मिमी, बिक्रम में 25.2 मिमी, साहेबगंज में 22.8 मिमी, एकंगरसराय में 21.8 मिमी, इस्लामपुर 18.8 मिमी, कोदवानपुर 18.4 मिमी और औरंगाबाद के देव में 16.6 मिमी बारिश हुई। दक्षिण बिहार में बारिश और ओलावृष्टि का प्रभाव ज्यादा देखा गया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सूबे के उत्तर-पश्चिम भाग में भी आंशिक असर दिखा है।
पिछले 24 घंटों में मौसम में सुधार की वजह से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी आई है। पटना का अधिकतम तापमान डेढ़ डिग्री ऊपर आया है। दिन में धूप खिली। हालांकि आंशिक बादल भी रहे लेकिन राज्य में कहीं भी बारिश की सूचना गुरुवार को नहीं है। इस वजह से दिन का तापमान ऊपर चढ़ा और रात के तापमान में गिरावट आई।
शाम में कनकनी भी बढ़ी रही। गुरुवार को पटना का अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री दर्ज किया गया। गया का अधिकतम पारा एक डिग्री चढ़कर 21.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। भागलपुर का अधिकतम तापमान दो डिग्री ऊपर चढ़कर 23.2 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि पूर्णिया में अधिकतम तापमान में दशमलव अंकों में बढ़ोतरी हुई है। यहां अधिकतम तापमान 20.9 डिग्री दर्ज किया गया।
Next Story