बिहार

काजल राज को मिला डीएसपी पद

Saba Naaz
22 Jun 2026 5:05 PM IST
काजल राज को मिला डीएसपी पद
x

Bihar: बेतिया। पश्चिम चंपारण के बेतिया नगर स्थित पिउनी बाग की रहने वाली काजल राज ने BPSC 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता हासिल कर पुलिस उपाधीक्षक (DSP) पद पर चयन प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरा जिला गौरवान्वित हुआ है।

काजल एक साधारण महादलित परिवार से आती हैं। उनके पिता प्रेम कुमार रजक कलेक्ट्रेट में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी हैं, जबकि मां सुहासिनी देवी गृहिणी हैं। आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों के बावजूद काजल ने अपनी मेहनत और लगन से यह बड़ा मुकाम हासिल किया।

काजल ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई बेतिया के नोट्रेडेम पब्लिक स्कूल से की। इसके बाद उन्होंने पटना के विद्या निकेतन से इंटरमीडिएट परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। आगे चलकर उन्होंने MIT मुजफ्फरपुर से इंजीनियरिंग और NIT अगरतला से M.Tech की डिग्री प्राप्त की।

इससे पहले भी काजल ने 67वीं BPSC परीक्षा में सफलता हासिल कर 2023 में राजगीर में अवर निर्वाचन पदाधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला था। अब DSP पद पर चयन के बाद उनकी उपलब्धियों में एक और अध्याय जुड़ गया है।

काजल की सफलता से प्रेरित होकर उनकी दो छोटी बहनें कंचन राज और कोमल राज भी प्रशासनिक सेवा की तैयारी कर रही हैं और 71वीं BPSC की मुख्य परीक्षा दे चुकी हैं।

परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। पिता ने कहा कि यह सफलता साबित करती है कि मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। काजल की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।

Next Story