
वैशाली जिले में निर्माणाधीन बिदुपुर–कच्ची दरगाह ग्रीन फील्ड सिक्स लेन केबल-स्टे पुल पर प्रशासन ने अगले आदेश तक सभी तरह के वाहनों और आम लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी है। यह फैसला डीएम वर्षा सिंह के निर्देश पर लिया गया है। पुल के पाया संख्या 23 से 67 के बीच निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है, जिसे देखते हुए सुरक्षा कारणों से यह कदम उठाया गया है।
प्रशासन का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों और इंजीनियरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। किसी भी तरह की दुर्घटना की आशंका को देखते हुए इस पूरे हिस्से को ब्लॉक कर दिया गया है। यह निर्णय पथ निर्माण विभाग के सचिव के निर्देश और निर्माण एजेंसी की मांग के बाद लिया गया।
पुल पर प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने के लिए 24 घंटे पुलिस और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। तीन शिफ्टों में अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है और उन्हें निर्देश दिया गया है कि किसी भी स्थिति में पुल पर आवागमन शुरू न होने पाए।
सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए हर घंटे अधिकारियों को व्हाट्सएप ग्रुप पर फोटो भेजना अनिवार्य किया गया है, ताकि रियल टाइम मॉनिटरिंग हो सके। साथ ही बीडीओ, सीओ और स्थानीय थाना पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। डीएम ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और निर्माण पूरा होने तक पुल से दूर रहें।





