बिहार

बिहार में बर्फीली हवाओं से सिहरन बढ़ी, कई जिलों का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे

Renuka Sahu
13 Dec 2021 2:32 AM GMT
बिहार में बर्फीली हवाओं से सिहरन बढ़ी, कई जिलों का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे
x

फाइल फोटो

बर्फीली पछुआ हवाओं ने मैदानी इलाकों में सिहरन बढ़ा दी है। दिसंबर का दूसरा हफ्ता चल रहा है। तीसरे हफ्ते तक इसके अपने रंग में आने के आसार हैं।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। बर्फीली पछुआ हवाओं ने मैदानी इलाकों में सिहरन बढ़ा दी है। दिसंबर का दूसरा हफ्ता चल रहा है। तीसरे हफ्ते तक इसके अपने रंग में आने के आसार हैं। कई जिलों में भारी ठंड तो कहीं सघन कोहरे की वजह से रविवार को सूबे के जनजीवन पर असर पड़ा। 12 जिलों का पारा दस डिग्री सेल्सियस के आसपास या इससे नीचे आ गया है। गया में सर्वाधिक धुंध के कारण सौ मीटर की दृश्यता दर्ज की गई, जिसका यातायात पर असर पड़ा।

प्रदेश में पूसा में सबसे ज्यादा ठंड महसूस हुई। यहां राज्यभर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गया में न्यूनतम पारा 8.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम पारे में सबसे ज्यादा कमी कटिहार में आई है। यहां शनिवार के मुकाबले रविवार को पारा 6.3 डिग्री सेल्सियस पारा नीचे आ गया है। मौसमविदों के मुताबिक, पिछले दो दिनों से उत्तरी-पश्चिम दिशा से आ रही बर्फीली हवाओं की वजह से सूबे में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में तेजी से गिरावट आई है।
पटना में 2 डिग्री की गिरावट
पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में सबसे ज्यादा अंतर कटिहार में आया है। यहां 6.3 डिग्री सेल्सियस पारा नीचे आया है। अन्य जगहों में पटना में 2 डिग्री, पूर्णिया में 4.3 डिग्री, सबौर में 4.5 डिग्री, बांका में 3.1 डिग्री, शेखपुरा 5.1 डिग्री सेल्सियस, बेगूसराय में 4.4 डिग्री, नालंदा में 3.5 डिग्री, गया में 2.7 डिग्री, औरंगाबाद में 3 डिग्री, सारण में 1.9 डिग्री, गोपालगंज में 1.9 डिग्री, पश्चिमी चंपारण में 3 डिग्री न्यूनतम तापमान की गिरावट दर्ज की गई है।
प्रमुख शहरों का तापमान
शहर अधिकतम न्यूनतम
पूसा 23.9 7.5
गया 23.5 8.6
पटना 24.2 10.0
पूर्णिया 23.8 10.1
भागलपुर 24.8 12.2
Next Story