बिहार

बिहार के कई हिस्सों में तेज बारिश का अलर्ट

Saba Naaz
5 July 2026 3:52 PM IST
बिहार के कई हिस्सों में तेज बारिश का अलर्ट
x

बिहार: मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के डिप्रेशन में बदलने के बाद राज्य में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने सोमवार यानी 6 जुलाई के लिए पटना, गया, भागलपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के पास बना दबाव अब और मजबूत होकर डिप्रेशन में बदल गया है। इसके कारण मानसून ट्रफ सक्रिय हो गई है, जिससे बिहार के कई हिस्सों में मौसम में तेज बदलाव देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग ने अरवल, बांका, गया, जहानाबाद, जमुई, नालंदा, लखीसराय, नवादा और शेखपुरा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में एक-दो स्थानों पर वज्रपात की संभावना जताई गई है और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं औरंगाबाद, रोहतास और भभुआ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

इसके अलावा पटना, भागलपुर, बक्सर, भोजपुर और मुंगेर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले पांच दिनों तक बिहार में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। लगातार बारिश और ठंडी हवाओं के कारण उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। 6 जुलाई को अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

Next Story