मवेशी चराने गए दादा-पोते की वज्रपात से मौत बिहार में मौसम का कहर

सीवान/गया: बिहार के कई जिलों में बुधवार को मौसम ने कहर बरपाया। बारिश के साथ गिरी आकाशीय बिजली ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। राज्य के अलग-अलग हिस्सों से वज्रपात की घटनाओं में कई लोगों की मौत की खबर सामने आई है। सिवान जिले में दादा-पोते समेत तीन लोग बिजली की चपेट में आ गए, जिसमें दो की मौत हो गई। वहीं गया जिले में भी एक महिला की वज्रपात से मौत हो गई।
सिवान में दादा-पोते की मौत
सिवान जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के दरवेशपुर गांव में बुधवार को दर्दनाक हादसा हुआ। गांव के बाहर मवेशी चराने गए दादा-पोते समेत तीन लोग अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए।
हादसे में 54 वर्षीय बंधु चौधरी और उनके 19 वर्षीय पोते प्रिंस कुमार की मौत हो गई। वहीं उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि परिवार के कुछ लोग गांव के बाहर मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक बदल गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए सभी लोग एक पेड़ के नीचे जाने लगे, तभी तेज आवाज के साथ बिजली गिर गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
वज्रपात की घटना के बाद मौके पर मौजूद एक व्यक्ति किसी तरह गांव पहुंचा और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे।
तीनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बंधु चौधरी और प्रिंस कुमार को मृत घोषित कर दिया। घायल व्यक्ति का इलाज जारी है।
एक ही हादसे में दादा और पोते की मौत से दरवेशपुर गांव में शोक का माहौल है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने पूरी की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर अस्पताल टीओपी पुलिस भी मौके पर पहुंची। टीओपी प्रभारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि अस्पताल से घटना की जानकारी मिली थी।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
गया में महिला की वज्रपात से मौत
वहीं गया जिले में भी आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। घटना वजीरगंज प्रखंड क्षेत्र के टोला उखड़ बढ़ई बीघा गांव की बताई जा रही है।
मृतका की पहचान 45 वर्षीय संगीता देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला खेत में जानवर चराने गई थी, तभी वह वज्रपात की चपेट में आ गई।
बकरियां चराकर लौट रही थी महिला
स्थानीय लोगों के अनुसार, संगीता देवी बुधवार शाम बकरियां चराने के लिए खेत की ओर गई थीं। इसी दौरान मौसम खराब हो गया और बारिश शुरू हो गई।
मौसम बिगड़ता देख वह बकरियों को लेकर घर लौट रही थीं। गांव पहुंचने से कुछ पहले ही रास्ते में अचानक बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।
बारिश के मौसम में बढ़े वज्रपात के मामले
बिहार में बारिश के मौसम के दौरान वज्रपात की घटनाएं लगातार चिंता का कारण बनी रहती हैं। खासकर खेतों और खुले इलाकों में काम करने वाले लोग इसकी चपेट में आ जाते हैं।
प्रशासन की ओर से लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े नहीं होने की अपील की जाती है।





