
Bihar: गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के बरई बेली गांव में पुलिस टीम पर हमला कर गिरफ्तार आरोपी को ग्रामीणों द्वारा छुड़ाकर ले जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में एक पुलिस पदाधिकारी समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने 13 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस पदाधिकारी ब्रजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि कटेया थाना कांड संख्या 135/26 और 189/26 का आरोपी प्रमोद यादव अपने गांव बरई बेली में खेत में धान की रोपनी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद जैसे ही टीम आरोपी को वाहन तक ले जा रही थी, तभी उसके परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इस दौरान लालसा यादव, प्रिया कुमारी, पीयूष यादव समेत कई लोगों ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। स्थिति तेजी से बिगड़ गई और भीड़ ने कुदाल व हंसुआ से पुलिस पर हमला कर दिया।
हमले में पुलिस पदाधिकारी ब्रजेश कुमार सिंह सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर ग्रामीणों ने गिरफ्तार आरोपी प्रमोद यादव को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाकर वहां से फरार करा दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
कटेया थाना पुलिस ने इस मामले में 13 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस पर हमला करने और पुलिस अभिरक्षा से आरोपी को छुड़ाने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने इलाके में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और पुलिस प्रशासन अब सख्त कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है।





