
Bihar: गोपालगंज जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। कुचायकोट थाना क्षेत्र के बंजरिया गांव निवासी 45 वर्षीय पशुपतिनाथ तिवारी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह अपनी बेटी की शादी तय कर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार, पशुपतिनाथ तिवारी शनिवार को भोरे प्रखंड के दुबे जिगिना गांव में अपनी बेटी का रिश्ता तय कर खुशी-खुशी घर लौट रहे थे। परिवार में शादी की तैयारियों को लेकर उत्साह का माहौल था। इसी दौरान कटेया थाना क्षेत्र के इंदरवा पुल के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत कटेया रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें उत्तर प्रदेश के कसया रेफर कर दिया। इलाज के दौरान रविवार को उनकी मौत हो गई।
मृतक पशुपतिनाथ तिवारी खेती-बाड़ी और पंडिताई का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी बंटी देवी, 22 वर्षीय पुत्री सत्या कुमारी, 14 वर्षीय पुत्र मंगलम तिवारी और 11 वर्षीय पुत्री श्रेया तिवारी को छोड़ गए हैं।
घटना की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। जहां कुछ समय पहले तक शादी की खुशियों की चर्चा थी, वहां अब सिर्फ रोने-बिलखने की आवाजें सुनाई दे रही हैं। पूरे गांव में शोक की लहर है और बड़ी संख्या में लोग मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अज्ञात वाहन की पहचान कर कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।





