सिगरेट पीने को लेकर पत्नी से हुआ विवाद, बिजली इंजीनियर ने उठाया आत्मघाती कदम

शेखपुरा। बिहार के शेखपुरा में बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता ने कथित तौर पर पत्नी से सिगरेट पीने को लेकर हुए विवाद के बाद आत्महत्या कर ली। घटना कच्ची रोड स्थित कॉलेज मोड़ के समीप किराए के मकान की है। मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के हसनपुर निवासी 35 वर्षीय अश्विनी कुमार चंद्रा के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, अश्विनी कुमार चंद्रा ने करीब नौ महीने पहले साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के शेखपुरा मंडल मुख्यालय में कार्यपालक अभियंता के पद पर योगदान दिया था। विभागीय सहकर्मियों के अनुसार, प्रोन्नति के बाद कार्यपालक अभियंता के रूप में यह उनकी पहली पोस्टिंग थी।
बताया गया कि अश्विनी कुमार चंद्रा सिगरेट पीते थे और उनकी पत्नी इसका विरोध करती थीं। रविवार दोपहर इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद के बाद उनकी पत्नी कथित तौर पर शिकायत लेकर थाने चली गईं।थाने से वापस लौटने के बाद पत्नी ने देखा कि घर के एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। उन्होंने काफी आवाज लगाई, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने उसे तोड़ा। कमरे के अंदर अश्विनी कुमार चंद्रा का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एसएफएल टीम को भी बुलाया गया। पुलिस मामले की जांच तकनीकी और मानवीय दोनों पहलुओं से कर रही है।
शेखपुरा के सहायक थानाध्यक्ष धनंजय कुमार दास के अनुसार, प्रथमदृष्टया जांच में पत्नी के बयान के आधार पर सिगरेट पीने को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद कार्यपालक अभियंता द्वारा फांसी लगाने की बात सामने आई है।पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक की पत्नी के बयान के अनुसार सुबह सिगरेट पीने को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद अश्विनी कुमार चंद्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसएफएल टीम घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस इस घटना को प्रथमदृष्टया आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।





